Post Header
हाल के महीनों में एआई उपकरणों के प्रसार के साथ, कई प्रशंसकों ने डेटा स्क्रैपिंग और एआई-जेनरेट किए गए कार्यों के बारे में चिंता व्यक्त की है, और ये विकास Archive of Our Own – AO3 (हमारा अपना संग्रह) को कैसे प्रभावित कर सकते हैं। हम आपकी चिंताओं को साझा करते हैं। हम साझा करना चाहते हैं कि हम डेटा स्क्रैपिंग से निपटने के लिए क्या कर रहे हैं और एआई के विषय पर हमारी वर्तमान नीतियाँ क्या हैं।
डेटा स्क्रैपिंग और AO३ फ़ैन्व्र्क्स
हमने AO3 पर बड़े पैमाने पर डेटा स्क्रैपिंग को रोकने के लिए कुछ तकनीकी उपाय जारी किए हैं, जैसे दर सीमित करना, और हम अनुचित डेटा संग्रह के संकेतों के लिए अपने ट्रैफ़िक की लगातार निगरानी कर रहे हैं। हम शोधकर्ताओं या डेटासेट बनाने के इच्छुक लोगों के लिए अपवाद नहीं बनाते हैं। लेकिन हमारे पास जिम्मेदार डेटा संग्रह के खिलाफ कोई नीति नहीं है - जैसे कि अकादमिक शोधकर्ताओं द्वारा किया गया, वेबैक मशीन या गूगल की खोज अनुक्रमण के लिए काम करने वाले प्रशंसक। साइट के वैध उपयोगों को रोके बिना सभी स्क्रैपिंग को अवरुद्ध करने का प्रयास करने वाले सिस्टम को स्थापित करना मुश्किल या असंभव होगा।
इसके साथ ही, यह एक दुर्भाग्यपूर्ण वास्तविकता है कि जो कुछ भी सार्वजनिक रूप से ऑनलाइन उपलब्ध है उसका उपयोग उसके प्रारंभिक उद्देश्य के अलावा अन्य कारणों के लिए किया जा सकता है। कई मामलों में, ऐआइ डेटा संग्रह ट्रैफ़िक उन्हीं तकनीकों पर निर्भर करता है, जो उपरोक्त वैध उपयोग मामलों पर निर्भर करती हैं।
जबसे हमें पता चला कि AO3 के डेटा को कॉमन क्रॉल डेटासेट में शामिल किया जा रहा है — जिसका उपयोग चैटजीपीटी जैसे ऐआई को प्रशिक्षित करने के लिए किया जाता है — तभी हमने दिसंबर २०२२ में कोड डाल दिया और अनुरोध किया कि कॉमन क्रॉल AO3 को फिर कभी स्क्रैप न करें।
हम उस डेटा संग्रह को रोकने के लिए समय में वापस तो नहीं जा सकते, ना ही मौजूदा डेटासेट से AO3 की सामग्री को हटा सकते हैं, चाहे हमें यह कितना भी नापसंद हो। हम बस भविष्य में इस तरह के संग्रह को कम करने का प्रयास कर सकते हैं। AO3 की विकास टीम AO3 डेटा एकत्र करने वाले अलग-अलग स्क्रेपर्स की तलाश में रहेगी, और आवश्यकतानुसार कारवाई करेगी।
इसी तरह, हमारी विधिक समिति फैनवर्क्स को कानूनी चुनौती और व्यावसायिक शोषण से बचाने के OTW (परिवर्तनकारी कार्य हेतु संगठन) मिशन को पूरा करती रही है और करती रहेगी। इसमें उनकी स्थिति शामिल है कि उपयोगकर्ताओं को एआई प्रशिक्षण सेटों में अपने कार्यों को शामिल करने से ऑप्ट आउट करने की अनुमति दी जानी चाहिए, जिसे उन्होंने यू.एस. कॉपीराइट कार्यालय में प्रस्तुत किया है। वे भी इस विकासशील क्षेत्र के साथ कदम से कदम मिलाकर चलते रहेंगे।
डेटा स्क्रैपिंग से बचने के लिए हम क्या कर सकते हैं?
आप अपना काम केवल AO3 उपयोगकर्ताओं तक ही सीमित रख सकते हैं।। हालाँकि यह हर संभावित स्क्रैपर को ब्लॉक नहीं करेगा, फिर भी यह बड़े पैमाने पर स्क्रैपिंग के खिलाफ कुछ सुरक्षा प्रदान करेगा।
ऐआई-जनित कार्य और AO3 नीतियां
इस समय, हमारी सेवा की शर्तों में ऐसा कुछ नहीं है जो एआई टूल्स से पूरी तरह या आंशिक रूप से जेनरेट किए गए फैनवर्क्स को AO3 पर पोस्ट किए जाने से रोकता हो, अगर वे अन्यथा फैनवर्क्स के रूप में अर्हता प्राप्त करते हैं।
एक संगठन के रूप में हमारे लक्ष्यों में फैनवर्क्स की अधिकतम समावेशिता शामिल है। इसका मतलब न केवल सबसे अच्छे फैनवर्क्स, या सबसे लोकप्रिय फैनवर्क्स हैं, बल्कि सभी फैनवर्क्स हैं जिन्हें हम संरक्षित कर सकते हैं। यदि प्रशंसक फैनवर्क्स उत्पन्न करने के लिए एआई का उपयोग कर रहे हैं, तो हमारी वर्तमान स्थिति यह है कि यह भी एक प्रकार का काम है जो संरक्षित करना हमारे अधिकार क्षेत्र में है।
परिस्थितियों के आधार पर, एआई-जनित कार्य हमारी एंटी-स्पैम नीतियों का उल्लंघन कर सकते हैं (उदाहरण के लिए यदि कोई निर्माता कम समय में बड़ी संख्या में पोस्ट करता है)। यदि आप अनिश्चित हैं कि कोई कार्य हमारी सेवा की शर्तों का उल्लंघन करता है या नहीं, तो आप हमेशा किसी भी पृष्ठ के नीचे दिए गए लिंक का उपयोग करके हमारी नीति और दुरुपयोग टीम को रिपोर्ट कर सकते हैं ताकि वे जांच कर सकें।
यह कथन लेखन के समय AO3 की नीति को दर्शाता है, क्योंकि हम अपने उपयोगकर्ताओं के साथ पारदर्शी होना चाहते थे कि हमारा वर्तमान रुख क्या है और क्या किया जा सकता है - और किया जा रहा है - ऐआई डेटासेट के द्वारा स्क्रैपिंग को कम करने के लिए। हालाँकि, इन नीतियों पर AO3 स्वयंसेवकों के बीच आंतरिक रूप से चर्चा चल रही है। यदि हम भविष्य में इनमें परिवर्तनों पर सहमत होते हैं, तो उनकी सार्वजनिक रूप से घोषणा की जाएगी; इसके अतिरिक्त, यदि AO3 सेवा की शर्तों में कोई प्रस्तावित परिवर्तन हैं, तो उन्हें हमारी सेवा की शर्तों में किसी भी और सभी परिवर्तनों के लिए आवश्यक सार्वजनिक टिप्पणी के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।
हम आशा करते हैं कि इससे चीजों को और अधिक स्पष्ट करने में मदद मिलेगी - यह एक जटिल स्थिति है, और हम इसे इस तरह से संबोधित करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं जो AO3 के अधिकतम फैनवर्क समावेशिता या साइट के वैध उपयोग के सिद्धांतों से समझौता नहीं करता है। जैसे-जैसे विचार-विमर्श और दृष्टिकोण विकसित होंगे, हम अपने उपयोगकर्ताओं को सूचित रखेंगे।
